गोंडा। मरम्मत कार्य की वजह से संजय सेतु पर बृहस्पतिवार से भारी वाहनों का संचालन दो माह तक बंद रहेगा। भारी वाहनों को करनैलगंज से डायवर्ट किया जाएगा। कुछ वाहनों को परसपुर-तरबगंज-नवाबगंज मार्ग से अयोध्या भेजा जाएगा। जबकि कुछ को हुजूरपुर मार्ग से बहराइच के रास्ते से भेजा जाएगा। डायवर्जन रूटों पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
एएसपी राधेश्याम राय ने बताया कि करनैलगंज चौराहे पर अलग से पुलिस पिकेट लगाई जा रही है। हल्के वाहनों का आवागमन पीपे के पुल से होगा। साथ ही अन्य प्रबंध किए जा रहे हैं। एसडीएम करनैलगंज नेहा मिश्रा ने बताया कि यातायात में बदलाव के दौरान लोगों को किसी भी तरह की समस्या न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश दे दिया गया है।