गोंडा। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में आठ मंजिल के 200 बेड के हॉस्पिटल ब्लॉक को हैंडओवर कर दिया गया है। सोमवार को प्रधानाचार्य डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने ने इस ब्लॉक के जनरल सर्जरी वार्ड में दो ओपीडी का औपचारिक शुभारंभ किया। इस हॉस्पिटल ब्लॉक में एक अक्तूबर से चिकित्सा सेवाएं शुरू की जाएंगी। वहीं, कोविड बिल्डिंग में चार नई ओपीडी की शुरुआत भी की गई है।
जिला अस्पताल में 300 बेड वाली बिल्डिंग में चल रहे मेडिकल कॉलेज को सोमवार से 200 बेड के हॉस्पिटल के नए ब्लॉक की सौगात मिली है। अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर जनरल सर्जरी वार्ड में दो ओपीडी की सुविधा की गई है। कोविड बिल्डिंग में एनेस्थीसिया विभाग की पीएसी क्लीनिक, बाल रोग विभाग की ओपीडी, ईएनटी की ओपीडी व पल्मोनरी चेस्ट मेडिसिन की ओपीडी संचालित की गई है। एक अक्तूबर से इन सभी ओपीडी में मरीजों का उपचार शुरू किया जाएगा। उद्धाटन के दौरान सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी, एमएस डॉ. डीएन सिंह, डॉ. एम.डब्ल्यू खान, डॉ. आफताब आलम, डॉ. रजनीश सिंह, डॉ. दीक्षा द्विवेदी आदि डॉक्टर व कर्मचारी मौजूद रहे।
नए ब्लॉक में जल्द शुरू होंगी ये सुविधाएं
नए ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर पर ओपीडी के साथ ही पैथालॉजी, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड व सीटी स्कैन के कक्ष तैयार किए गए हैं। प्रथम तल पर दवा वितरण काउंटर, सेंट्रल प्रयोगशाला व एमआरआई जांच होगी। दूसरे तल पर भी ओपीडी, माइनर ओटी सहित विभिन्न काउंटर तैयार किए गए हैं। तीसरे तल पर सामान्य वार्ड, प्रदर्शन कक्ष, सेमिनार कक्ष, पुस्तकालय आदि के लिए कक्ष बनाए गए हैं। चौथे तल पर आईसीयू, पीआईसीयू, सामान्य वार्ड सहित अन्य वार्ड बनाए गए हैं। पांचवें तल पर पोस्ट ओटी, मेडिकल इंसेंटिव केयर यूनिट, प्री ओटी तैयार किया गया है। छठी मंजिल पर मॉड्यूलर ओटी, ओटी कॉम्प्लेक्स व प्री ओटी होगा। सातवीं मंजिल पर व्याख्यान थियेटर, चिकित्सा रिकाॅर्ड विभाग व सांख्यिकी विभाग आदि का संचालन होगा। आठवीं मंजिल पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। फैकल्टी व स्टाफ की आपूर्ति होते ही धीरे-धीरे सभी अत्याधुनिक सुविधाओं को शुरू किया जाएगा।