माधोपुर। कटरा बाजार ब्लॉक सभागार में बुधवार को ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों को योजना निर्माण से लेकर ऑनलाइन अपलोडिंग तक की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ल ने कहा, ग्राम पंचायतों के समग्र विकास के लिए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करना जरूरी है। मास्टर ट्रेनर शिल्पा सरोज ने ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया, जनभागीदारी, ग्राम सभा की भूमिका और स्थानीय जरूरतों के आधार पर योजना निर्माण के विभिन्न चरणों की जानकारी दी।
एलएसडीजी फैकल्टी विनीत सागर ने प्रतिभागियों को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन योजना तैयार करने, अपलोड करने व डिजिटल कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। समापन सत्र में मास्टर ट्रेनर देवेंद्र पांडेय और एएफसी जिला समन्वयक अतुल ने जीपीडीपी के तकनीकी पहलुओं पर प्रशिक्षण देते हुए प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण में खंड विकास अधिकारी आकांक्षा सिंह, एडीओ पंचायत प्रीतम श्रीवास्तव, ग्राम पंचायत अधिकारी, पंचायत सहायक एवं विकासखंड के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।