परसपुर के दुर्गोड़वा में उपकरणा दिखाते किसान शिवशंकर तिवारी। - संवाद
पसका। लखनऊ के जनभवन में आयोजित प्रादेशिक फल, पुष्प एवं शाकभाजी प्रदर्शनी में दुरगोड़वा निवासी रामशंकर तिवारी को मधुमक्खी पालन के अंतर्गत पराग उत्पादन की गुणवत्ता में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान मिला है। रविवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उन्हें जनभवन में सम्मानित करेंगी।
रामशंकर ने बताया कि वर्ष 2014 में उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय कृषि विज्ञान केंद्र, गोपालग्राम से मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद वर्ष 2016 से वह केवीके में मास्टर ट्रेनर के रूप में किसानों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। वर्ष 2019 में मात्र पांच मधुमक्खी बॉक्स से उन्होंने इस कार्य की शुरुआत की। आर्थिक कठिनाइयों के दौरान खादी ग्रामोद्योग, गोरखपुर से 10 बॉक्स अनुदान पर मिले, जिससे उनका कार्य आगे बढ़ सका। आज उनके पास लगभग ढाई सौ मधुमक्खी पालन बॉक्स हैं।
उन्होंने बताया कि मधुमक्खी पालन से शहद, रॉयल जेली, मोम, प्रपोलिस, बी वेनम और बी पॉलन जैसे छह महत्वपूर्ण उत्पाद प्राप्त होते हैं। वर्तमान में उमरी बेगमगंज स्थित मां वाराही देवी मंदिर के समीप मधुमक्खी बॉक्स लगाए गए हैं। पीएम एफएमई योजना के तहत केवीके में स्थापित शहद प्रोसेसिंग यूनिट से उन्हें तकनीकी सहयोग भी मिल रहा है। जिला उद्यान अधिकारी रश्मि शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि जिले के लिए गौरव की बात है। इससे अन्य किसानों को भी मधुमक्खी पालन अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।