पुलिस लाइन मैदान में विजेता गोरखपुर टीम को सम्मानित करते एसपी विनीत जायसवाल। स्रोत: पुलिस मीडिय
गोंडा। पुलिस लाइन के मैदान में आयोजित 25वीं अंतरजनपदीय पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता (गोरखपुर जोन) 2025 का फाइनल मैच सोमवार को खेला गया। इसमें गोरखपुर की टीम ने गोंडा को हराकर ट्रॉफी जीत ली। विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को अधिकारियों ने सम्मानित किया।
गोंडा टीम के कप्तान अरविंद राय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में शानदार प्रदर्शन करते हुए 204 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में गोरखपुर पुलिस टीम ने उत्कृष्ट बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 19.4 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। गोरखपुर टीम से आरक्षी दीपक यादव ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 102 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई। शतकीय पारी खेलने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसपी विनीत जायसवाल ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। गोरखपुर टीम को विजेता ट्रॉफी तथा गोंडा टीम को उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके साथ ही एसपी ने सभी खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर एएसपी (पूर्वी) मनोज कुमार रावत, एएसपी (पश्चिमी) राधेश्याम राय, प्रतिसार निरीक्षक अजय प्रताप सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
यह बने टूर्नामेंट के हीरो
टूर्नामेंट में गोरखपुर टीम के आरक्षी दीपक यादव को श्रेष्ठ बल्लेबाज, देवरिया टीम के मुख्य आरक्षी रामू प्रसाद को श्रेष्ठ गेंदबाज, गोरखपुर के आरक्षी अंकित सिंह को बेस्ट फील्डर व गोंडा के आरक्षी भोला भागीरथी को बेस्ट कीपर का खिताब मिला। टूर्नामेंट के दौरान दो शतक लगाने पर गोरखपुर टीम के आरक्षी दीपक यादव को प्लेयर ऑफ द सीरीज का भी खिताब मिला। प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन के 10 जनपदों की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें गोंडा, देवरिया, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर व बहराइच की टीमें शामिल हैं।