मनकापुर। गौतमबुद्ध नगर में मजदूरी करने गए खजुरिहवा गांव निवासी मोहित वर्मा (20) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार देर रात पत्नी रूबी एंबुलेंस से शव लेकर गांव पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता मुन्नीलाल वर्मा ने बताया कि मोहित इकलौता बेटा था। वह नौ दिन पहले पत्नी रूबी को लेकर पीओपी का काम करने के लिए गौतमबुद्ध नगर गया था। मंगलवार सुबह बहू ने फोन कर बताया कि अचानक तबीयत बिगड़ने से मोहित की मौत हो गई है। एंबुलेंस से शव लेकर घर आ रही है। पिता ने बताया कि मोहित की शादी इसी वर्ष पांच जून को बलरामपुर के थाना रेहरा के ग्राम सरैया खास प्रधानडीह गांव निवासी रूबी से हुई थी।
मुन्नीलाल ने बताया कि मोहित की पीठ व सीने पर चोट के निशान हैं। नाक व मुंह से रक्तस्राव भी हुआ है। जबकि एक दिन पहले फोन पर बातचीत में मोहित पूरी तरह स्वस्थ लग रहा था। परिजनों ने मोहित की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इंस्पेक्टर निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि मुन्नीलाल वर्मा ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के आरोपों के आधार पर जांच की जाएगी। (संवाद)