गोंडा शहर में सर्कुलर रोड स्थित एक निजी हास्पिटल में काम करने वाले युवक की हत्या कर उसका शव रेलवे स्टेशन के करीब ट्रैक पर फेंक दिया गया। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में मृतक युवक के परिजनों ने अस्पताल के डाक्टर पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने डीएम से मिलकर डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की है। गणतंत्र दिवस के दिन हुई हत्या की इस वारदात से जिले में हड़कंप मचा है। परिजनों ने आरोपी डाक्टर के खिलाफ कोतवाली जीआरपी में तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
अंकित के बारे जानकारी करने पर डाक्टर ने बताया कि वह घर जा चुका है, लेकिन जब परिजनों ने घर न पहुंचने की बात कही तो डाक्टर ने जीआरपी से संपर्क करने के लिए कहा। परिजन कोतवाली जीआरपी पहुंचे तो उन्हें पता चला कि अंकित का शव कोतवाली नगर क्षेत्र के सतईपुरवा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला है। हत्या की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि डाक्टर ने अपने साथियों संग मिलकर पहले अंकित की मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शव ले जाकर रेलवे स्टेशन के करीब ट्रैक पर रख दिया। परिजनों ने आरोपी डाक्टर के खिलाफ जीआरपी कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली जीआरपी के एसएसआई हरिवंश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिली है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।
सिगरेट लाने से इंकार पर डाक्टर ने की थी पिटाई
इस पूरी वारदात के पीछे डाक्टर व अंकित के बीच हुआ विवाद बताया जा रहा है। अस्पताल में काम करने वाले कर्मियों की माने तो बुधवार की शाम डाक्टर दीपक ने अंकित से सिगरेट लाने के लिए कहा था, मगर उसने सिगरेट लाने से इंकार कर दिया। इस पर डाक्टर से उसकी कहासुनी हुई तो डाक्टर ने उसकी पिटाई कर दी। घटना करीब सात बजे की है जब अंकित की छुट्टी हो चुकी थी और घर जाने के लिए तैयार था। इसके बाद से अंकित का फोन रिसाव नहीं हुआ। परिजन जब उसकी तलाश में अस्पताल पहुंचे तो एक सहकर्मी ने जरिए मोबाइल फोन लोकेशन ट्रेस की तो वह रेलवे स्टेशन के आसपास मिला।
चार बहनों का इकलौता भाई था अंकित
अचलपुर का रहने वाला अंकित अपने पिता का इकलौता बेटा था और चार बहनों में अकेला भाई था। अंकित की मौत से पूरा परिवार स्तब्ध है। परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है और सभी रो रो कर बेहाल हैं।
पांच डाक्टरों का पैनल करेगा पोस्टमार्टम
गणतंत्र दिवस के दिन हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए डीएम नेहा शर्मा ने शव के पोस्टमार्टम के लिए पांच डॉक्टरों का पैनल गठित किया है। परिजनों ने जिलाधिकारी से मिलकर डॉक्टर के पैनल से पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की थी। इसके बाद डीएम की तरफ से पांच डॉक्टरों का पैनल बनाया गया है। जिलाधिकारी ने परिजनों को दोषिषों के कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।