फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: खेल में दक्ष होंगी कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राएं

Sat, 16 Nov 2024 11:22 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की 1700 छात्राएं खेल में दक्ष होंगी। एक स्कूल एक खेल योजना से स्कूलों में गतिविधियां शुरू की जाएंगी। योजना के तहत स्कूलों के लिए एक खेल तय होगा, जिसके लिए सुविधा बढ़ाई जाएंगी। प्रशिक्षण देकर बालिकाओं को चयनित खेल में पारंगत किया जाएगा। खेल गतिविधि के लिए स्कूल की एक शिक्षिका को नामित किया जाएगा।
विज्ञापन


आवासीय विद्यालय की बालिकाओं के बीच खेल प्रतियोगिता का आयोजन अलग से जिला स्तर पर होगा। जिसके बाद मंडल व राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी। अभी इन विद्यालयों की खेल गतिविधि बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों के साथ हुआ करती है।
जिले के 17 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में वार्डन की अध्यक्षता में व्यायाम शिक्षिका या क्रीड़ा प्रभारी के साथ दो शिक्षिकाओं व दो छात्राओं की समिति की गठन किया जाना है। विद्यालय में जो भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, उनका संचालन यही समिति करेगी। विद्यालय में उपलब्ध खेल के मैदान और बालिकाओं की रुचि के आधार पर प्रत्येक कस्तूरबा स्कूल को एक खेल का चयन व उसमें बालिकाओं को दक्ष बनाने की रूपरेखा बनानी होगी। जिले के कस्तूरबा स्कूलों में 1700 बालिकाएं नामांकित हैं। उनमें ही टीमें गठित करके प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
विज्ञापन




कस्तूरबा स्कूलों की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए समय का प्रबंधन दुरुस्त होगा। पढ़ाई शुरू होने से पहले या पढ़ाई समाप्त होने के बाद आयोजन होगा। बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय-समय पर पोषण व स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम होंगे। उत्तम पोषण आहार के साथ अच्छी सेहत के लिए सावधानियाें के बारे में भी बताया जाएगा। समय-समय पर नजदीकी अस्पताल से समन्वय स्थापित कर स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाएगा। अध्ययन करने वाली प्रत्येक बालिका की लंबाई, वजन और ब्लड ग्रुप का रिकॉर्ड स्कूल में रखा जाएगा। लोगों की राय लेकर खेल का चयन किया जा रहा है, जिससे बालिकाओं को फायदा मिले।
सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा रामसागर पति त्रिपाठी ने बताया कि कस्तूरबा स्कूलों में खेल प्रतियोगिताओं का संचालन कराया जाएगा। प्रतिभावान छात्राओं को राज्य स्तर तक प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें