गोंडा के पंतनगर स्थित बीएसए कार्यालय में शक्ति वंदन कार्यक्रम की तैयारी में जुटे कर्मी।
गोंडा। जिले में दुर्गा महाअष्टमी पर शक्ति वंदन कार्यक्रम के चलते छपिया व बभनजोत को छोड़कर जिले के 14 ब्लॉकों के कन्याएं शामिल की जाएंगी। इसको लेकर बेसिक शिक्षा विभाग में जोर-शोर से तैयारियां चल रही है। इसके तहत शुक्रवार को कन्याओं को किट वितरण के लिए महिलाओं समेत कर्मचारियों ने तैयारियां पूरी जाती रहीं। वहीं, झंझरी ब्लॉक से सबसे अधिक कन्याओं को शामिल करने की तैयारी है।
बीएसए प्रेमचंद ने बताया कि 22 अक्तूबर को शाक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। ऐसे में परिषदीय विद्यालयों की 11 हजार कन्याएं आयोजन में शामिल कराई जाएंगी। इसको लेकर बीईओ समेत शिक्षकों की तैनाती कर दी गई है। तय कार्यक्रम के तहत अलग-अलग ब्लॉकों से कन्याएं आयोजन में शामिल की जाएंगी। सबसे अधिक 22 सौ कन्याएं झंझरी ब्लॉक से शामिल होंगी। पंडरी व हलधरमऊ और कटरा बाजार से 11-11 सौ कन्याओं को शामिल कराया जाएगा।
रुपईडीह, इटियाथोक, करनैलगंज, तरबगंज, बेलसर, नबावगंज, वजीरगंज, मनकापुर और मुजेहना ब्लॉक से 550-550 छात्राएं शिक्षकों के साथ आयोजन स्थल पहुंचेंगी। हालांकि दूरी के चलते छपिया व बभनान ब्लॉक को शामिल नहीं किया गया है। वहीं, बीएसए कार्यालय में जोरशोर से कर्मचारी किट पैकिंग में लगे रहे।
ग्राउंड पर चलाया गया रोलर
एक तरफ जर्मन हैंगर टेंट से टामसन परिसर गुलजार हो रहा है तो वहीं, ग्राउंड पर जमीन समतलीकरण के लिए तीन-तीन रोलर चलाए जा रहे हैं। पीडब्ल्यू़डी के इंजीनियरों की ड्यूटी लगाई गई है। आयोजन के लिए पंडाल से लेकर स्टेज तक बनाए गए हैं। इसके लिए लखनऊ की कार्यदायी संस्था नामित की गई है।