गोंडा। स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों के बेहतर इलाज के लिए नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब सप्ताह में सोमवार व बुधवार को 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व शुक्रवार को 52 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जीरियाट्रिक ओपीडी चलाई जाएगी।
सीएचसी व पीएचसी पर आयोजित होने वाली ओपीडी में स्पेशलिस्ट अथवा अन्य कार्यक्रमों में कार्यरत या पीएमएचएस संवर्ग के विशेषज्ञ अथवा चिकित्सा अधिकारियों की रोस्टर वार ड्यूटी लगाई जाएगी। स्वास्थ्य का परीक्षण करने के साथ ही उन्हें दवाएं दी जाएंगी।
इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल में पांच बेड आरक्षित किए जाने हैं। यहां पर प्रतिदिन जीरियाट्रिक क्लीनिक का संचालन होगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही स्टॉफ नर्स, फिजियोथिरेपिस्ट एवं अन्य कर्मियों के सहयोग से बुजुर्गों का इलाज किया जाएगा। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का अनुपालन करने को कहा गया है। इससे बुजुर्गों को काफी सहूलियत मिलेगी।