गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में स्टेशन रोड स्थित लोहिया धर्मशाला के पास एक गैस एजेंसी संचालक की निजी एंबुलेंस चालक ने सिपाहियों के सामने ही पिटाई कर दी। विवाद बिना कनेक्शन सिलिंडर देने से मना करने पर हुआ। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छेदीपुरवा निवासी जितेंद्र साहू ने बताया कि स्टेशन रोड स्थित लोहिया धर्मशाला के पास उनकी भारत गैस एजेंसी है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे एजेंसी पर रिफिल सिलिंडरों का वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान निजी एंबुलेंस चालक कलीम वहां पहुंचा और सिलिंडर मांगने लगा।
एजेंसी संचालक के अनुसार कलीम एजेंसी का उपभोक्ता नहीं है। बिना कनेक्शन के सिलिंडर देने से मना करने पर वह गालीगलौज करते हुए चला गया। कुछ देर बाद वह चार साथियों के साथ आया और पिटाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद सिपाही आदित्य कुमार और प्रवीण कुमार ने बीचबचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि एजेंसी संचालक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।