गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर कोहरे के बीच जाते वाहन। -संवाद
गोंडा। मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। रविवार सुबह शहर कोहरे की चादर में लिपटा रहा। सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। सुबह और शाम ठंड का असर भी बढ़ने लगा है। कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल परिचालन के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे ने गोंडा जंक्शन से होकर गुजरने वाली छह ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है। इनमें चार ट्रेनें करीब तीन महीने तक निरस्त रहेंगी और दो ट्रेनों के फेरों में कटौती की गई है।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव ने बताया कि गाड़ी संख्या 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर एक्सप्रेस तीन दिसंबर से दो मार्च तक और 14618 अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस एक दिसंबर से 28 फरवरी तक निरस्त रहेगी। इसी तरह 14213 वाराणसी-नेपालगंज रोड एक्सप्रेस एक दिसंबर से 28 फरवरी तक और 14214 नेपालगंज रोड-वाराणसी एक्सप्रेस दो दिसंबर से एक मार्च तक नहीं चलेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 11123 ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस तीन दिसंबर से 25 फरवरी तक प्रत्येक सोमवार और बृहस्पतिवार को निरस्त रहेगी। इसी तरह 11124 बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस चार दिसंबर से 26 फरवरी तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को नहीं चलेगी। रेलवे प्रशासन ने लोगों से यात्रा शुरू करने से पहले एनटीईएस एप या आधिकारिक वेबसाइट पर ट्रेनों की स्थिति जांचने की अपील की है।
दिल और सांस के मरीज बरतें सावधानी
बदलते मौसम का असर सेहत पर भी पड़ने लगा है। सर्दी-जुकाम, बुखार और कोल्ड डायरिया के मरीज बढ़ रहे हैं। ठंड हृदय और सांस के रोगियों की परेशानी भी बढ़ा सकती है। सेवानिवृत्त हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जीके सिंह ने बताया कि ऐसे मरीज सुबह-शाम अधिक ठंड में बाहर निकलने से बचें। जरूरी होने पर ऊनी कपड़े पहनकर ही निकलें। दवाएं नियमित लें और चिकित्सकीय सलाह के बिना उनकी खुराक में बदलाव न करें। अस्थमा के मरीज इनहेलर साथ रखें और धूल-धुएं से बचें। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी या अचानक घबराहट होने पर तत्काल चिकित्सकीय मदद लें। बच्चों और बुजुर्गों को भी ठंड से बचाकर रखें।