रेल यात्रियों को एक बड़ी राहत देते हुए रेलवे ने बुकिंग दफ्तर के पास चार आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें लगवा दी हैं, जिससे कोई भी स्मार्ट कार्डधारक यात्री बिना बुकिंग दफ्तर पर गए इन मशीनों से अपने गंतव्य का टिकट निकाल सकता है।
यही नहीं जिस यात्री के पास खुद का स्मार्टकार्ड नहीं है, उसे टिकट दिए जाने के लिए रेलवे ने इन मशीनों के पास एक-एक रेलवे कर्मी की तैनाती कर रखी है जो खुद के स्मार्ट कार्ड से यात्रियों को टिकट मुहैया कराएगा।
मंडल रेल प्रबंधक आलोक सिंह के आदेश पर रेलवे बुकिंग दफ्तर के अगल-बगल लगाई गईं इन चार आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन से हर स्टेशन का टिकट यात्रियों को बिना लाइन लगाए मिलेगा। इसलिए अब यात्रियों को बुकिंग दफ्तर में लंबी-लंबी लाइन लगाने की दिक्कत से नहीं जूझना पड़ेगा।
मौजूदा वक्त गोंडा रेलवे स्टेशन पर छह बुकिंग काउंटर हैं। जहां से टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी-लंबी लाइन लगानी होती है। लेकिन रेलवे की ओर से चार आटोमेटिक टिकट वेडिंग मशीन लगाए जाने से अब से यात्रियों को इसकी दिक्कतों से नहीं जूझना पड़ेगा।
सीनियर डीसीएम नीलिमा सिंह ने बताया कि मंगलवार को रेलवे बुकिंग दफ्तर के अगल-बगल चार आटोमेटिक टिकट वेडिंग मशीन लगाने का काम पूरा कर लिया गया है। इसलिए अब यात्री बिना लाइन लगाए इन मशीनों से अपने गंतव्य का टिकट प्राप्त कर सकते हैं।
जिस व्यक्ति के पास खुद का स्मार्ट कार्ड नहीं है, वह इन मशीनों के पास रहने वाले रेलवे कर्मी को अपने गंतव्य का किराया देकर टिकट प्राप्त कर सकता है। साथ ही अगर लोग चाहेंगे तो वह इसी मशीन के मार्फत अपनी एमएसटी भी बनवा सकेंगे।
वहीं जिन लोगों के पास स्मार्ट कार्ड नहीं है ऐसे लोगों के लिए छह नंबर काउंटर पर 50 रुपये देकर स्मार्ट कार्ड बनवाए जाने की भी व्यवस्था की गई है।