मनकापुर/इटियाथोक/गोंडा। जिले में सोमवार को तेज आंधी व बारिश ने तबाही मचा दी। आंधी के दौरान हुए हादसों में चार लोगों की जान चली गई। प्रशासन का कहना है कि घटनाओं का विवरण एकत्र किया जा रहा है। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
देहात कोतवाली क्षेत्र में सालपुर टिकरिया निवासी मैना देवी (70) की सोमवार दोपहर आंधी व बारिश के दौरान पेड़ गिरने से दबकर मौत हो गई। वह घर के सामने टिनशेड के नीचे बैठी थीं। तभी घर के दरवाजे के पास लगा पेड़ टिनशेड पर गिर गया। मैना देवी टिनशेड के नीचे दबकर घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
मनकापुर के बनकसिया शिवरतन सिंह सीरपुरवा निवासी रामकरन (61) आंधी के दौरान पाकड़ के पेड़ के नीचे बंधी भैंस खोलने गए थे। तभी अचानक पेड़ गिरने से वह दब गए और मौके पर ही मौत हो गई।
तीसरा हादसा इटियाथोक में तारी परसोहिया गांव के पास हुआ, जहां आंधी के दौरान टेंपो पलटने से बलरामपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के खरहरा गांव निवासी शांति देवी (50) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आंधी के दौरान बिजली का तार टूटकर गिर गया था। चालक ने तार देखा तो करंट की चपेट में आने के डर से टेंपो दूसरी तरफ मोड़ दिया। इससे टेंपो बेकाबू होकर पलटने से उसमें सवार शांति की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, शांति परिजनों के साथ पंजाब से ट्रेन से गोंडा आई थीं। यहां से टेंपो से गांव जा रही थीं, तभी हादसा हो गया। इटियाथोक के प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है।
चौथा हादसा मनकापुर-रेहरा मार्ग पर मनवर नदी तिराहे के पास हुआ, जहां छत्तीसगढ़ के दुर्ग सुपेला सुभाषनगर निवासी मजदूर सोनू निगम (35) की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंधी के दौरान कार अनियंत्रित हो गई और सोनू को कुचलते हुए पेड़ से टकरा गई। घायल सोनू को सीएचसी मनकापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मनकापुर थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।
बिजली गिरने से पांच मवेशी मरे
वजीरगंज। देहात कोतवाली क्षेत्र के महतोपुरवा नरायनपुर वली गांव निवासी शिवशंकर यादव ने बताया कि उनकी दो भैंस पेड़ के नीचे बंधी थी। आंधी व बारिश के दौरान बिजली गिरने से दोनों भैंस की मौत हो गईं। वजीरगंज के मोहनपुर भगाही निवासी प्रह्लाद सिंह की भैंस की भैंस घर के सामने पेड़ में बंधी थी। सोमवार को दिन में 11:30 बिजली गिरने से भैंस की मौत हो गई। लेखपाल राम नरायन बिंद ने बताया कि क्षति का आकलन कर तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेजी गई है। तरबगंज संवाद के मुताबिक, उमरी के सोनौली मोहम्मदपुर में जनार्दन यादव की होल्स्टीन फ्रीजियन नस्ल की गाय की तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से मौत हो गई। लेखपाल रामेश्वर दत्त तिवारी ने तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेजी है। वहीं, भैरमपुर में तेज आंधी के दौरान बांसों का झुरमुट गिरने से माता प्रसाद की भैंस की दबकर मौत हो गई। लेखपाल राम आशीष मिश्र ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है। (संवाद)
इटियाथोक में हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ ऑटो व विष्णुपुरी कॉलोनी में पानी से होकर आवागमन करते लोग