फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: पेड़ गिरने से आवागमन बाधित तो कहीं बिजली गुल

Mon, 04 May 2026 11:32 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
खरथरी मंगराइचपुरवा में सड़क पर गिरा नीम का पेड़। - संवाद 
विज्ञापन
गोंडा। तेज आंधी और बारिश से सोमवार सुबह मौसम सुहाना हो गया। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मगर आंधी के दौरान जगह-जगह पेड़ व पोल गिरने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई इलाकों में आवागमन भी प्रभावित हुआ।
विज्ञापन


बालपुर संवाद के अनुसार, खरथरी के मगराइच पुरवा में तेज आंधी के दौरान नीम का पुराना पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में आकर सेंट्रल बैंक के सेवानिवृत्त राम कुबेर तिवारी (70) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें पेड़ के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।

करनैलगंज संवाद के अनुसार, तेज आंधी और बारिश से नगर में होर्डिंग और छप्पर उड़ गए। ग्रामीण क्षेत्रों में खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति ठप रही। एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि कई जगह पेड़ और छप्पर गिरे हैं, हालांकि कहीं से जनहानि की सूचना नहीं है।
विज्ञापन


बेलसर संवाद के अनुसार, आंधी और बारिश से ब्लॉक मुख्यालय परिसर जलमग्न हो गया। इससे दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। गोंडा-बेलसर मार्ग पर ठढक्की पट्टी व बनवरिया के पास सड़क पर पेड़ गिरने से करीब एक घंटे आवागमन बाधित रहा।

जयप्रभाग्राम संवाद के अनुसार, गांधी चबूतरा के पास पेड़ गिरने से रामदास का ई रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। उधर, करुवापारा में बिजली का पोल गिरने से आपूर्ति ठप हो गई। जेई अंकुर प्रसाद सिंह ने बताया कि मरम्मत कर आपूर्ति जल्द बहाल की जाएगी।

मोतीगंज संवाद के अनुसार, विद्यानगर रेलवे क्राॅसिंग के पास स्थित एक विद्यालय की बाउंड्रीवाल पर पेड़ गिर गया। हादसे में किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

कटरा बाजार संवाद के अनुसार, कटरा-गोंडा मार्ग पर पेड़ गिरने से तीन घंटे आवागमन बाधित रहा। जेई राकेश व आदर्श ओझा ने बताया कि पेड़ हटवाकर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

दुबहा बाजार संवाद के अनुसार, आर्यनगर-कटरा बाजार मार्ग पर जगह-जगह पेड़ और रामापुर में बिजली का खंभा गिर गया। इससे तीन घंटे आवागमन बाधित रहा। कौड़िया पुलिस और बिजलीकर्मियों ने खंभा हटाकर रास्ता बहाल कराया।

धानेपुर संवाद के अनुसार, भारतीय स्टेट बैंक के पास नीम का पुराना पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया। ब्लॉक में पेड़ गिरने से दीवार टूट गई और बिजली के कई खंभे धराशायी हो गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर रास्ता साफ कराया।

पसका संवाद के अनुसार, मक्के की पकी फसल गिरने की आशंका से लोहंगपुर व प्योली के किसान परेशान हैं। वहीं, रामप्रताप सिंह की कटी हुई अरहर भीगने से काफी नुकसान हुआ है।
विज्ञापन


माधोपुर संवाद के अनुसार, सोमवार सुबह आई तेज आंधी और बारिश से दिन में ही अंधेरा छा गया। बरसात से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें