गोंडा। कोरोना संक्रमण की रफ्तार फिर बढ़ने लगी है। हर रोज नए कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार को जिला अस्पताल के आरटीपीसीआर लैब में तैनात कर्मचारी समेत चार नए कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ ही सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या 27 पहुंच गई है। वहीं, संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए जरूरी जांच में शिथिलता बरती जा रही है। रेलवे स्टेशन पर हर रोज करीब दो हजार यात्री उतरते हैं मगर इनमें से सिर्फ 40 से 50 लोगों की जांच करके खानापूर्ति कर दी जाती है। इस तरह जांच में सुस्ती नुकसानदायक हो सकती है।
जिले में कोरोना संक्रमण के नए मामले बढ़ते जा रहे हैं। आम लोगों के साथ स्वास्थ्यकर्मी भी संक्रमण की जद में आ रहे हैं। शनिवार को जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर हुई जांच में अस्पताल के आरटीपीसीआर लैब में तैनात राकेश मौर्य की एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्यकर्मी की आरटीपीसीआर जांच भी की गई, जिसकी रिपोर्ट आनी बाकी है।
वहीं, तीन अन्य लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। नए संक्रमितों के साथ ही सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जिनमें से तीन लोग अस्पताल में भर्ती हैं तथा अन्य को होम आइसोलेशन में रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं, संक्रमण की चौथी लहर की आशंका को लेकर स्वास्थ्य महकमा सतर्क होने का दावा कर रहा है, इसके बावजूद कोरोना जांच में सुस्ती बरती जा रही है।
दूसरे प्रदेशों में कोरोना संक्रमण फिर खौफनाक रूप लेने लगा है। जिसके चलते वहां काम करने वाले प्रवासी लोग बड़ी संख्या में वापस आ रहे हैं। मगर इनकी कोरोना जांच में सुस्ती बरती जा रही है। गोंडा रेलवे स्टेशन पर करीब दो दर्जन ट्रेनों से प्रतिदिन दो हजार से अधिक यात्री घर लौट रहे हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से मात्र 40 से 50 यात्रियों की कोरोना जांच करके खानापूर्ति की जा रही है। कोविड कंट्रोल प्रभारी हसन ने बताया कि स्टेशन पर पिछले दो दिन में 87 यात्रियों की जांच की गई।
रेल यात्रियों की जांच में सुस्ती नुकसानदेह साबित हो सकती है। वहीं, बस स्टॉप व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जांच की रफ्तार सुस्त है। सीएमओ डॉ. राधेश्याम केसरी ने कहा कि कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए सतर्क रहने की जरूरत है। कोरोना जांच बढ़ाने का निर्देश जारी किया गया है। रेल यात्रियों की जांच की दर बढ़ाने में विभाग लगा है।
कोरोना संक्रमण के रफ्तार बढ़ने के बावजूद लोगों की बेपरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, बस स्टॉप, चौक बाजार सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बेतहाशा भीड़ उमड़ रही है। जिसमें अभी तक न तो लोगों ने मास्क लगाने की शुरुआत की है और न ही सोशल डिस्टेंसिग का पालन किया जा रहा है। शनिवार को जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर व दवा वितरण काउंटर पर लोगों की भीड़ दिखी। जिसमें संक्रमण के खौफ से बेपरवाह लोग मास्क लगाने व सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे थे।