गोंडा। परिवहन निगम में अधिकारियों और चेकिंग टीम से अभद्रता करने के मामले में फंसे चार कर्मचारियों के खिलाफ चल रही जांच अब अंतिम दाैर में पहुंच गई है। इस मामले में शिकायतकर्ताओं व आरोपी कर्मियों के बयान भी दर्ज हो चुके हैं। जल्दी आरोप तय कर इसकी रिपोर्ट आरएम को कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।
एआरएम कपिल देव ने बताया कि बहराइच डिपो के केंद्र प्रभारी कमलेश कुमार शुक्ला पर 4385 लीटर डीजल के नुकसान का आरोप है। वहीं रूपईडीहा डिपो के सहायक भंडार पाल ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव पर निरीक्षण के दौरान भंडार से दो फ्यूल फिल्टर और स्टेयरिंग पंप असेंबली गायब करने का आरोप है। इसी तरह बहराइच डिपो के बुकिंग लिपिक अमरनाथ भारती पर बस का टैंक फुल होने के बाद जबरन डीजल डलवाने व मना करने पर शराब के नशे में अभद्रता का आरोप है।
इसी तरह बहराइच डिपो के परिचालक संजीव कुमार मिश्र पर आरोप है कि बस की चेंकिग के दौरान बिना टिकट तीन यात्री पाए जाने पर उन्होंने चेकिंग टीम के सदस्यों के साथ अभद्रता की थी। इन सभी मामलों में आरोपियों के बयान दर्ज हो चुके है। अब आरोप तय करके कार्रवाई के लिए आरएम को रिपोर्ट भेजी जाएंगी।