सुबह भीषण कोहरे के बीच हेडलाइट जलाकर चलते वाहन। -संवाद
गोंडा। घने कोहरे से बृहस्पतिवार सुबह वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई। लखनऊ से आने वाली रोडवेज बसें निर्धारित समय से काफी देरी से बस अड्डे पर पहुंचीं। बस अड्डे पर पहुंचे यात्रियों ने कोहरे के कारण हुई परेशानी व लंबा इंतजार बयां किया।
यात्री अर्पित ने बताया कि सुबह छह बजे लखनऊ से बस में बैठे थे, अभी 10:15 बजे गोंडा पहुंचे हैं। ड्राइवर अनुराग ने बताया कि सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होने के कारण बस की रफ्तार धीमी रखनी पड़ी। कई जगह बस को रोक-रोककर चलाया गया, जिससे यात्रा और लंबी हो गई। दिल्ली व कानपुर से आने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली से पांच व कानपुर से आठ रोडवेज बसें घंटों देरी से गोंडा डिपाे पहुंचीं। निजी वाहनों से यात्रा करने वाले लोग भी कोहरे के चलते देर से गंतव्य तक पहुंचे।
रोडवेज की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ज्योति ने बताया कि कोहरे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चालकों को धीमी गति से बसें चलाने के निर्देश दिए गए थे। मौसम साफ होने के बाद दोपहर तक यातायात सामान्य हो गया है।
ट्रेनें लेट होने से भी परेशान रहे यात्री
कोहरे के चलते ट्रेनों की रफ्तार पर भी असर पड़ा है। रात 12:10 बजे आने वाली देहरादून राप्ती गंगा एक्सप्रेस बृहस्पतिवार सुबह 07:37 बजे गोंडा स्टेशन पर पहुंची। यह ट्रेन सात घंटे 27 मिनट लेट रही। इसी तरह जननायक एक्सप्रेस तीन घंटे 20 मिनट, वैशाली एक्सप्रेस दो घंटे 54 मिनट, सुशासन एक्सप्रेस एक घंटा 50 मिनट, सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटा 48 मिनट, गोरखपुर अयोध्या एक्सप्रेस पौने पांच घंटे और आम्रपाली एक्सप्रेस ढाई घंटे विलंब से पहुंची। इसी तरह सत्याग्रह एक्सप्रेस चार घंटे, मथुरा छपरा एक्सप्रेस पौने चार घंटे लेट पहुंची। गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस चार घंटे 35 मिनट, बरौनी ग्वालियर मेल पांच घंटे 20 मिनट देरी से पहुंची। कुल 16 ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देरी से गोंडा पहुंचीं।