मोतीगंज (गोंडा)। मनकापुर-दर्जीकुआं मार्ग पर विरवा बभनी गांव के पास बुधवार की रात घने कोहरे के चलते ट्रक की चपेट में आने से बुलेट सवार फूफा-भतीजे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को नाजुक हालत में कहोबा पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसा उस वक्त हुआ जब भतीजा अपने फूफा को बाइक से छोड़ने उनके घर जा रहा था। परिजनों ने चौकी पुलिस पर ट्रक को छोड़ने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि हादसा किस वाहन से हुआ मौके पर मौजूद लोग नहीं बता सके।
कोतवाली देहात क्षेत्र के मछली गांव रोहावां के रहने वाले शिवकुमार पांडेय (48) बुधवार सुबह बलरामपुर जिले के सादुल्लाहनगर थानाक्षेत्र के देवरिया इनायत गांव रिश्तेदारी में गए थे।
वहां से रात करीब नौ बजे उनकी पत्नी का भतीजा उमेश कुमार तिवारी (34) उन्हें उनके घर पहुंचाने के लिए बुलेट से जा रहा था। उमेश बुलेट चला रहा था, जबिक शिवकुमार पांडेय पीछे बैठे थे।
दोनों मनकापुर-दर्जीकुआं मार्ग पर विरवा बभनी गांव के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक चालक ट्रक लेकर भाग निकला। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उमेश तिवारी के छोटे भाई दिलीप का आरोप है कि हादसे के बाद भाग रहे ट्रक का पुलिस पीछा कर रही थी। झिलाही रेलवे क्रासिंग का गेट बंद होने के कारण पुलिस ने ट्रक को चालक समेत पकड़ लिया और कहोबा चौकी पर ले आई थी। लेकिन बाद में छोड़ दिया।
चौकी प्रभारी कहाेबा नीरज सिंह का कहना है कि हादसे की सूचना पर जब मौके पर पहुंचे तो लोगों की भीड़ लगी थी। कोई भी नहीं बता सका कि किस वाहन से हादसा हुआ है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
खरगूपुर (गोंडा)। सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है। थाना इटियाथोक क्षेत्र के ग्राम भटपुरवा हरदैया गांव के रहने वाले राकेश कुमार विश्वकर्मा का बेटा रिख्खी राम (26) 24 दिसंबर को गांव के ही अमरनाथ पांडेय के साथ खरगूपुर से बाइक से घर लौट रहा था। खरगूपुर आर्य नगर मार्ग पर गन्ना क्रय केंद्र तेंदुआ चौखड़िया के समीप उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी लाया गया था। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रिख्खीराम को लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि मृतक के पिता राकेश विश्वकर्मा की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक पर लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज की गई है।