कुआंना जंगल से सटे इटियाथोक इलाके में एक अज्ञात जंगली जानवर ने सोमवार को सुबह शौच के लिए घर से निकले पांच लोगों को हमला कर घायल कर दिया। इसमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, तेंदुए की आहट के मद्देनजर वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए पिंजड़ा भेज दिया है।
बताया जाता है कि जानवर को पकड़ने के लिए वन विभाग मंगलवार को सर्च ऑपरेशन भी चलाएगा। इटियाथोक का कुछ इलाका कुआंना जंगल से सटा है। इस क्षेत्र में आए दिन जंगली जानवर निकल आया करते हैं। बताते हैं कि सुबह हरैय्याझूमन गांव में रहने वाली सुषमा (40) पत्नी रामगोपाल, शिल्पी (12) पुत्री सच्चिदानंद, फिजा (10) पुत्री फरीद खां, हसीना (35) पत्नी रिजवान, बाउर (40) पुत्र मुंशी रेलवे लाइन के निकट शौच के लिए गए थे।
तभी उन पर घात लगाए बैठे जंगली जानवर ने हमला कर दिया। जानवर ने झपट्टा मारकर सभी के चेहरे पर ही हमला किया। इससे सभी लोग बुरी तरह से घायल हो गए। इन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, हमले में घायल हसीना व बाउर की हालत नाजुक बताई जा रही है।
उधर जंगली जानवर के हमले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी हरकत में आ गई और अज्ञात जंगली जानवर को पकड़ने के लिए पिंजड़ा भी भेज दिया गया। बताते हैं कि मंगलवार को वन विभाग के लोग अज्ञात जानवर को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाएंगे। जिसके लिए रात में गांव के लोगों को एहतिहात बरतने के लिए भी कहा गया है।