सरयू घाट पुलिस चौकी के पास आभूषण की दुकान में चोरी के बाद जुटे लोग व जांच करती पुलिस। - संवाद
टिकरी/नवाबगंज। सरयू घाट पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर स्थित सराफा की दुकान में सोमवार देर रात चोरी हो गई। शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर करीब पांच किलो चांदी के जेवर समेत लाखों रुपये का सामान चुरा ले गए। मंगलवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे सराफ को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कनकपुर गांव निवासी अजय कुमार सोनी की कटरा शिवदयालगंज तिराहे पर सराफा की दुकान है। उन्होंने बताया कि दुकान में इन दिनों मरम्मत का काम चल रहा है। इस कारण वह दुकान के सामने अस्थायी रूप से सराफा का कारोबार कर रहे हैं। सोमवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह घर चले गए थे। मंगलवार सुबह दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली थी।
बिछिया, ब्रेसलेट, चेन, अंगूठियां, गुल्ली-ताबीज समेत करीब पांच किलो चांदी के जेवर चोरी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सरयू घाट चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि दुकानदार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।
सरयू घाट पुलिस चौकी के पास आभूषण की दुकान में चोरी के बाद जुटे लोग व जांच करती पुलिस। - संवाद