गोंडा। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में बुधवार को नगरीय स्थानीय निकाय, महाविद्यालय एवं बेसिक शिक्षा समितियों की मंडलीय अनुश्रवण बैठक हुई। इसमें गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर में समितियों से जुड़े कार्यों, योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने और 15 सितंबर तक अनुपालन आख्या हर हाल में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, जलनिकासी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न हो और अधिकारी योजनाओं की प्रगति का स्थलीय सत्यापन भी करें। जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने पर भी जोर दिया।
महाविद्यालयों से संबंधित कार्यों की समीक्षा में मंडलायुक्त ने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थानों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा छात्र-छात्राओं से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराने को कहा।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं और शासन की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल, बिजली और फर्नीचर जैसी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंडलायुक्त ने कहा कि समितियों से जुड़े प्रकरण केवल पत्राचार तक सीमित न रहें। जिन मामलों में दूसरे विभागों से समन्वय की जरूरत है, वहां संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर समयबद्ध कार्रवाई कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन मीनू राणा सहित अन्य मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।