टिकरी। नवाबगंज-मनकापुर मार्ग पर टिकरी बाजार के पास बुधवार रात दो बाइकों की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। दो अन्य को मामूली चोटें आईं हैं।
इटियाथोक के मुरली पुरवा निवासी अनिल तिवारी परिवार के साथ अयोध्या में दर्शन कर बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक पर पत्नी रोशनी, बेटी प्रियांशी, रोशनी की भाभी मन्नू और उनका बेटा प्रभाकर सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक टकरा गई। दूसरी बाइक पर उतरौला निवासी चरण सिंह, अशफाक और सलमान सवार थे।
हादसे में अनिल तिवारी, चरण सिंह और अशफाक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि रोशनी और सलमान को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी नवाबगंज भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीनों को मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष विपुल कुमार पांडेय ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।