चुनावी रंजिश को लेकर रविवार शाम चौखट गांव के पास सात लोगों ने मिलकर एक गाड़ी को ओवरटेक कर चालक को रोकने का प्रयास किया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में चली गई। इसी बीच आरोपियों ने ड्राइवर पर फायरिंग की और तमंचे के बट से मारपीटकर उसे घायल कर दिया। इस मामले में देर शाम वजीरगंज थाने में सात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के चरउंवा गांव के रहने वाले राहुल सिंह ने बताया कि वह रणजीत सिंह का ड्राइवर है। रविवार शाम पंचायत चुनाव में प्रत्याशी का प्रचार कर लौट रहा था।
तभी चौखट गांव के पास एक गाड़ी में सवार अंबरीशदत्त सिंह अपने छह साथियों के साथ उसका पीछा करने लगे और ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया।
इससे उसकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में चली गई। राहुल का आरोप है कि इसी बीच अनिल सिंह ने उस पर तमंचे से फायरिंग कर दी, मगर वह बाल-बाल बच गया।
इसके बाद अंबरीशदत्त सिंह ने साथियों संग मिलकर तमंचे की बट से उसे मारपीटकर घायल कर दिया। राहुल ने वजीरगंज थाने में अंबरीशदत्त सिंह, हरीश सिंह, हरेंद्र सिंह, अनिल सिंह, मोनू सिंह, मनोज सिंह व शालू सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष वजीरगंज अवधेशराज सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।