तरबगंज/गोंडा। तरबगंज में प्रस्तावित फायर स्टेशन को शासन से बीते दिनों मंजूरी मिल गई है। डिडिसिया कला में बनने वाले इस अग्निशमन केंद्र के लिए 24 पदों का सृजन भी सरकार ने किया है। करीब डेढ़ एकड़ में बनने वाले फायर स्टेशन से तहसील क्षेत्र की 6.36 लाख की आबादी को फायदा मिलेगा।
फायर स्टेशन न होने से आग लगने की घटना हो जाने पर गोंडा से दमकलकर्मी जब तक पहुंचते हैं, तब तक सबकुछ खाक हो जाता था। बीते 10 मार्च से तहसील के तरबगंज थाना स्तर पर दमकलकर्मियों को तैनाती भी दे दी गई है। तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय ने क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं को देखते हुए इस अग्निशमन केंद्र को बनाने का प्रस्ताव दिया था। बीती 14 मार्च को शासन ने तरबगंज तहसील में डिडिसिया फॉर्म के पास अग्नि शमन केंद्र का निर्माण कराने की स्वीकृति दी थी।
विधायक प्रेम नरायन पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में दो यूनिट का अग्निशमन केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए 24 पदों का सृजन भी हो गया है। शासन की तरफ से सचिव डॉ. संजीव गुप्ता ने महानिदेशक अग्निशमन और आपात सेवा उत्तर प्रदेश को अग्निशमन केंद्र की स्थापना व कर्मचारी की नियुक्ति करने के संबंध में निर्देशित किया है। अग्निशमन केंद्र पर दो अग्निशमन अधिकारी, एएसआई एम, दो सीनियर फायरमैन, दो फायर सर्विस चालक, 16 फायरमैन व एक सफाईकर्मी सहित कुल 24 पदों पर नियुक्ति होगी।
डेढ़ एकड़ में बनेगा अग्निशमन केंद्र
मुख्य अग्निशमन अधिकारी रामसुमेर त्रिपाठी के अनुसार अग्निशमन केंद्र स्थापित करने के लिए डेढ़ एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। जल्द ही प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जिसके बाद अग्निशमन केंद्र निर्माण होगा। वहीं गर्मी के मौसम में आग के बाद तुरंत राहत देने के लिए एक यूनिट तैनात कर दी गई है। वहीं अस्थाई तौर पर तरबगंज थाने से संचालित किया जा रहा है।