फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लपटों ने बरपाया कहर, 350 बीघा गेहूं की फसल राख

विज्ञापन
फोटो-16-गोंडा में करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के कठेला गांव में आग से जली फसल को देखते लोग। -संवाद - फोटो : GONDA
विज्ञापन
गोंडा। आग के कहर से रविवार को करीब 350 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इससे किसानों को करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, मनकापुर में एक घर में भी आग लग गई। इसमें एक युवक व तीन मवेशी झुलस गए। युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन

करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में कठेला गांव के पास रविवार दोपहर तीन बजे अज्ञात कारण से गेहूं की फसल में आग लग गई। हवा चलने से आग बहुत तेजी से फैल गई। इससे करीब एक किलोमीटर तक कई किसानों की पूरी फसल जल गई। किसान गंगाप्रसाद शास्त्री ने बताया कि फायर कंट्रोल रूम में फोन करते रहे, लेकिन एक घंटे से अधिक समय तक दमकल नहीं पहुंची। इससे लपटों का कहर जारी रहा।
दूसरे छोर पर बासगांव की सड़क के आगे फसल नहीं थी। इस वजह से वहां तक फसल जलने के बाद आग बुझ गई। अग्निकांड में 300 बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। इससे करीब 24 लाख रुपये की फसल का नुकसान हुआ है। इस अग्निकांड में चंद्रभान शुक्ल की 10 बीघा, रामओमकार की छह बीघा, जगतपाल तिवारी की 25 बीघा, रामू की 15 बीघा, देव नरायन की 11 बीघा अयोध्या प्रसाद व जगदंबा तिवारी की छह-छह बीघा, रामलौटन शुक्ल, पवन तिवारी, शिव नरेश तिवारी, श्रीश्याम तिवारी, केदारनाथ, प्रयाग दत्त शुक्ल व ओमप्रकाश की पांच-पांच बीघा, हनोमान, इंद्र नरेश तिवारी, पवन कुमार, वेदप्रकाश व सूर्य नारायण की चार-चार बीघा फसल जल गई। विश्वनाथ तिवारी, प्रेमशंकर मिश्र, भवानी प्रसाद तिवारी व जयशंकर की तीन-तीन बीघा समेत कई अन्य किसानों की कुल 300 बीघा फसल जल गई। लेखपाल शरद सिंह ने मौके पर पहुंचकर आग से हुई क्षति का आकलन किया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट तहसील भेजी जा रही है। वहीं, कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सीपी सिंह, राजेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन

देहात कोतवाली क्षेत्र के करनपुर डीहा गांव में भी रविवार को गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते 50 बीघा फसल जलकर राख हो गई। इसमें रामपाल व दीपक की 10-10 बीघा, प्रभाकर व रामआधार की पांच-पांच बीघा, रामबहारे का छह बीघा, संतोष, उदयराज व सूबेदार की भी फसल जल गई। प्रभाकर ने बताया कि आग लगने पर गांव के तमाम लोग इकट्ठा हो गए। आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा चलने की वजह से आग फैलती गई। अग्निकांड में करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के दतौली ग्रामसभा के रमवापुर कुर्मिन पुरवा निवासी अलखराम वर्मा रविवार को अपने परिवार सहित खेत में गेहूं फसल की कटाई कर रहे थे। सुबह लगभग 11 बजे अज्ञात कारणों से अचानक उनके फूस के घर में आग लग गई। घर में उनकी बेटी गुड़िया अकेली थी। जिसने भागकर अपनी जान बचाई। आग की लपटें देखकर गांव वालों ने पंपिंग सेट चालू करके आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर मनकापुर व आईटीआई से दमकल टीम भी पहुंच गई।
काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। मगर तब तक नकदी, जेवर व गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आग में घिरी भैंस को निकालने की कोशिश में अलखराम वर्मा व तीन भैंस भी झुलस गईं। अलखराम वर्मा को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अलखराम के अनुसार बेटी गुड़िया की शादी के लिए डेढ़ लाख नकद, लगभग ढाई लाख के गहने घर में रखे थे, गृहस्थी के सामान संग नकदी व गहने भी जल गए। लेखपाल स्वामीनाथ शुक्ल ने बताया कि रिपोर्ट तहसीलदार को सौंपी जाएगी। उपजिलाधिकारी न्यायिक शत्रुघ्न पाठक, पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय तलवार, तहसीलदार नरसिंह नारायन वर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की बात कही। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंद्रकिशोर पाठक ने पीड़ित परिवार को 50 किलो चावल, 50 किलो गेहूं व दो हजार नकदी देकर मदद की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें