खरगूपुर। लक्ष्मनपुर गांव में शुक्रवार देर रात तिलक समारोह के दौरान गैस सिलिंडर से रिसाव से टेंट में अचानक आग लग गई। चपेट में आकर करीब 30 हजार रुपये मूल्य का टेंट का सामान जल गया। हालांकि समय रहते लोगों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
लक्ष्मनपुर गांव निवासी टीकम तिवारी के पुत्र का तिलक समारोह था। कार्यक्रम में भंगहा गांव निवासी विजय शंकर गोस्वामी ने टेंट लगाया था। देर रात भोजन तैयार करने के दौरान गैस सिलिंडर से रिसाव शुरू हो गया। इससे पहले कि बावर्ची स्थिति को समझ पाता, आग भड़क उठी।
लपटें टेंट के पर्दों तक पहुंच गईं। आग लगते ही समारोह स्थल पर अफरातफरी मच गई। मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक सात सीलिंग, तीन टेंट के पर्दे, मैट, मेज सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था। टेंट संचालक विजय शंकर गोस्वामी ने बताया कि आग से करीब 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। (संवाद)