करनैलगंज। फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेशकीमती जमीन का कथित रूप से फर्जी बैनामा कराने का मामला आया है। एसपी के निर्देश पर कोतवाली करनैलगंज पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम बीरपुर कटरा निवासी जयप्रकाश की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि गांव में उनकी जमीन है। आरोप है कि जगदीशपुर बल्दी उमरिया (थाना कौड़िया) निवासी सुशील कुमार शुक्ला ने तत्कालीन प्रभारी उप निबंधक अब्दुल लतीफ समेत पांच लोगों ने आपस में मिलीभगत कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा लिया।
पीड़ित का कहना है कि फरवरी 2026 में मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने तहसील से अभिलेखों की जांच कराई और कोतवाली में शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।