परसपुर। सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार शाम थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया था।
बसंतपुर सेमरातर निवासी रामसिंह ने बताया कि उनका बेटा दीपक रविवार रात परसपुर से सामान लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में जेसीबी से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से सड़क पर डाली जा रही थी। इसी बीच चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर बैक करते हुए दीपक को टक्कर मार दी। आरोप है कि घायल को तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। कुछ देर बाद लोगों ने एंबुलेंस से उसे अस्पताल भेजा। तब तक स्थिति काफी बिगड़ चुकी थी।
चिकित्सकों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के पहुंचने से पहले ही मालिक और चालक वाहन लेकर मौके से भाग गए। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि प्रकरण में परेटा चौहान पुरवा निवासी चालक राजू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।