मनकापुर। बकाया वेतन के विवाद में पुलिस ने सरदार मोहर सिंह महिला महाविद्यालय के प्रबंधक और उनके भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। ग्राम बंदरहा निवासी पुष्पा वर्मा ने बताया कि महाविद्यालय के प्रबंधक ने उन्हें और उनके पति रामू वर्मा को चपरासी के पद पर नियुक्त किया था। दोनों को प्रति माह 8,000 रुपये वेतन दिया जाता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद के चलते प्रबंधक ने बिना नोटिस दिए उन्हें नौकरी से निकाल दिया।
रामू वर्मा बार-बार बकाया वेतन की मांग कर रहे थे। सोमवार शाम करीब चार बजे पुष्पा अपने पति के साथ प्रबंधक से पिछले सात माह का बकाया वेतन लेने डाकबंगला के पास गईं। इस दौरान प्रबंधक स्वर्णपाल सिंह उर्फ कोके और उनके भाई अमरजीत सिंह उर्फ गुलशन ने पैसा देने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि उन्होंने भद्दी-भद्दी गालियां दीं और धक्कामुक्की व धमकी भी दी। हालांकि प्रबंधक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आरोप बेबुनियाद है। रास्ते का मामला है। वेतन आदि दे दिया गया है। ऐसे में फर्जी आरोप है। कोतवाल निर्भय नरायण सिंह का कहना है कि प्रकरण की विवेचना की जा रही है।