वजीरगंज (गोंडा)। क्षेत्र के बाल्हाराई के राम सनेही यादव पुत्र अलगू राम के आधार कार्ड व फोटो का इस्तेमाल कर एक दोपहिया वाहन फाइनेंस कराने का मामला सामने आया है। धोखेबाजों ने 50297 रुपये के कर्ज से हांडा कंपनी की एक्टिवा स्कूटी एचडीएफसी बैंक से फाइनेंस करा लिया।
फाइनेंस हेतु सर्व यूपी ग्रामीण बैंक वजीरगंज शाखा से जारी चेक बुक का प्रयोग हुआ है। पीड़ित ने स्थानीय थाना पर तहरीर दी है। पीड़ित ने बताया कि उसका खाता प्रथमा यूपी बैंक डुमरिया डीह में है, किन्तु जो चेक लगाया गया है वह शाखा वजीरगंज का है। पीड़ित ने जब एचडीएफसी बैंक के सर्वेयर संजय तिवारी से संपर्क किया तो उन्होंने सही जानकारी नहीं दी। उल्टे उसे गुमराह करने की कोशिश की।
वहीं जब सर्वेयर संजय तिवारी ने बताया कि अशोकपुर टिकिया के रौजा निवासी शुभम जायसवाल ने सारे कागजात लाकर दिये थे और गाड़ी भी ले गये। बैंक कर्मी शुभम से संपर्क कर मामला निपटाने में लगे हैं। प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि शिकायत मिली है, मामले की जांच की जा रही है।