बालपुर। करनैलगंज के बालपुर इलाके के साईं तकिया बालपुर में शनिवार को बच्चों के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर ईट-पत्थर व लाठी-डंडे चले। इससे गर्भवती समेत कई लोगों को चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंचे दीवान भी ईंट लगने से चोटिल हो गए।
साईं तकिया बालपुर निवासी बानो व खातूना ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि बच्चे रवि व तमन्ना के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग एकत्र हो गए। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंचे बालपुर चौकी के दीवान रमेश कुमार श्रीवास्तव के पैर में ईंट लग गई। इससे वह भी जख्मी हो गए। दीवान ने चौकी प्रभारी उत्कर्ष पांडेय को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया। गंभीर रूप से चोटिल गर्भवती चांदतारा को एबुलेंस से जिला महिला अस्पताल भेजा गया। गांव में पुलिस बल तैनात है। पुलिस छानबीन कर कार्रवाई की बात कह रही है। (संवाद)