नवाबगंज के एक गांव में बालक के हाथ-पैर बांधकर की गई पिटाई। स्रोत: वीडियोग्रैब
टिकरी। क्षेत्र में एक बच्चे के साथ अमानवीयता का मामला प्रकाश में आया है। नवाबगंज के एक गांव में शुक्रवार देर शाम चोरी के आरोप में 12 वर्षीय बालक की रस्सी से बांधकर लोहे की राॅड से पिटाई की गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी दुकानदार लाले को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित बालक के पिता ने बताया कि शुक्रवार शाम पांच बजे उनका 12 वर्षीय बेटा सामान लेने के लिए दुकान पर गया था। दुकान पर किसी के मौजूद न होने पर वह घर लौट आया। कुछ देर बाद दुकानदार लाले ने चोरी का आरोप लगाकर उसे दुकान पर बुलाया। वहां जाने पर बालक को रस्सी से बांध दिया। इसके बाद लोहे की रॉड से पिटाई शुरू कर दी। इस पर वहां भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने छुड़ाने की कोशिश की तो लाले उन्हें धमकाने लगा। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। पुलिस व ग्रामीणों के पहुंचने पर बालक को छोड़ा गया। उसके हाथ व दोनों कंधे पर गहरी चोट आई है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि पीड़ित बालक के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी दुकानदार लाले को गिरफ्तार किया गया है। सख्त कार्रवाई की जाएगी।