गोंडा। धान की नर्सरी लगाने का उचित समय 25 मई से लेकर 15 जून तक है। किसान सुबह के समय नर्सरी न डालें। दिन में अधिक तापमान के कारण नर्सरी खराब हो सकती है। ये बातें मंगलवार को आयोजित कृषि गोष्ठी में सहायक कृषि विकास अधिकारी डॉ. अनूप चौहान ने कहीं।
उन्होंने कहा कि राजकीय बीज भंडार पर विभिन्न प्रजातियों का 66 क्विंटल धान का बीज अनुदान पर उपलब्ध है। शाम को जब पानी ठंडा हो तभी नर्सरी डालना चाहिए। 2065 प्रजाति का 40 क्विंटल व सांभा मंसूरी का आठ क्विंटल बीज उपलब्ध है। इन दोनों प्रजातियों में किसानों को 13 रुपये प्रति किलो अनुदान मिलेगा। एचयूआर 917 सुगंधित नौ क्विंटल, सीओ 51 छह क्विंटल, व नरेंद्र शिशिर प्रजातियों का बीज तीन क्विंटल गोदाम पर उपलब्ध है। इन तीनों प्रजातियों पर किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। किसानों को बीज भंडार पर निर्धारित अनुदान काटकर मूल्य लिया जाएगा। इसलिए बीज खरीदते समय किसान अपना आधारकार्ड जरूर लाएं।