गोंडा। चौथे दिन भी गेहूं खरीद की बोहनी नहीं हुई। अब खाद्य विपणन विभाग के अफसर जिला स्तरीय अधिकारी व क्रय केंद्र प्रभारी गांवों में जाकर किसानों को एमएसपी पर गेहूं बेचने के लिए प्रेरित करेंगे।
सरकारी क्रय केंद्र पर 3920 किसानों ने पंजीकरण तो कराया लेकिन अभी तक कोई किसान गेहूं बेचने नहीं पहुंचा। डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार से वह खुद क्षेत्र में निकलकर फसलों का निरीक्षण करेंगी। क्रय केंद्र प्रभारी की मदद से गांव में जाकर किसानों को जागरूक किया जाएगा।
पंजीकरण कराने में दिक्कत होती है तो विभाग के कर्मचारी गांव में ही उसका पंजीकरण कर देंगे। गेहूं खरीदने के लिए 113 क्रय केंद्र शुरू किए गए। केंद्रों पर मुफ्त में पंजीकरण कराने की व्यवस्था है।
डिप्टी आरएमओ ने बताया कि इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये बढ़ाकर 2425 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। पंजीकरण लिए खसरा खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक का विवरण फीड कराना होगा। जिन किसानों ने पहले से पंजीकरण करा रखा है उन्हें सिर्फ नवीनीकरण कराना होगा। इस बार किसानों पंजीकरण के लिए ओटीपी बताने की जरूरत नहीं है।