गोंडा। सहकारी गन्ना विकास समिति के डेलीगेट चुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे गहमा-गहमी के साथ शुरू हुआ। युवा किसानों के अलावा बुजुर्ग व दिव्यांगों ने भी उत्साह के साथ मतदान किया। जिले की छह सहकारी समितियों पर डेलीगेट के 2307 पदों पर चुनाव होना था। जिसमें 2303 समितियाें पर निर्विरोध हो गया था, चार समितियों के डेलीगेट के लिए मतदान हुआ।
गन्ना विकास समिति मैजापुर के ग्राम पंचायत बनगांव के उसरैना वार्ड, खैरम ललवाचक, वेवइया व ग्राम पंचायत रायपुर फकीर के ठोरहंस वार्ड के लिए साधन सहकारी समिति सर्वांगपुर पर मतदान हुआ। उसरैना वार्ड से डेलीगेट के चार प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें कुल मतदाताओं की संख्या 392 थी। खैरम ललवाचक में दो प्रत्याशियों के सापेक्ष 91 मतदाता रहे। इसी प्रकार वेवइया में दो प्रत्याशियों के सापेक्ष दस मतदाता व ठोरहंस में चार प्रत्याशियों के सापेक्ष 240 मतदाताओं ने वोट किया। इसी प्रकार बलरामपुर आंशिक क्षेत्र के लिए मतदान महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज बलरामपुर में हुआ। बभनान आंशिक क्षेत्र में गन्ना विकास समिति बनभान पर डेलीगेट पद के लिए मतदान हुआ।
बलरामपुर आंशिक की चर्चित सीट शिवपुर महंत से मेहनौन विधायक के बड़े भाई ओंकार वन डेलीगेट निर्वाचित हुए। यहां भाई ओंकार वन के समर्थन में पूरे दिन मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी भाजपा नेताओं के साथ डटे रहे। वहीं हृदयनारायण शुक्ल व शनि मिश्र चुनाव के समर्थन में पूर्व डायरेक्टर चंद्रभान पांडेय भी डटे रहे। इसके अलावा साधन सहकारी समिति मैजापुर के एआरओ पंकज तिवारी ने बताया कि रायपुर फकीर निर्वाचन क्षेत्र के ग्राम पंचायत ठोरहंस में दो सीटों पर रामबदल व चिंतामणि निर्वाचित हुए। बनगांव निर्वाचन क्षेत्र के चार सीटों में से उसरैना की दो सीटों हरिवंश मणि पांडेय व अशोक वर्मा निर्वाचित हुए। खैरम ललवाचक सीट से उदय प्रताप सिंह विजयी हुए। बेवईया सीट पर भी दो प्रत्याशी कौशल किशोर व तिलकराम को बराबर बराबर वोट मिले। जिसमें लकी ड्राॅ के माध्यम से तिलकराम को विजयी घोषित किया गया। इसके अलावा गन्ना विकास समिति बभनान के मरैचा बूथ पर दो प्रत्याशी राम तौल व लक्ष्मी प्रसाद को भी बराबर मत मिले। लाॅटरी माध्यम से लक्ष्मी प्रसाद तथा गोपीनाथपुर के मतदान केंद्र पर शिव दुलारी व रामशंकर के भी बराबर मत मिलने से लाॅटरी से शिवदुलारी विजयी घोषित की गईं।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राघवेंद्र ओझा व चुनाव संयोजक राकेश तिवारी ने बताया कि 76 डेलीगेट्स में से 72 भाजपा के जीते हैं। ये भाजपा की जीत है। डायरेक्टर व सभापति के चुनाव में भी भाजपा ही जीतेगी।
अशोक मौर्य ने बताया कि सहायक निबंधक (सहकारिता) गन्ना विकास समितियों का निर्वाचन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है। देर शाम तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया है। निर्वाचित डेलीगेट आगामी 16 अक्तूबर को डायरेक्टर का चुनाव करेंगे।