तरबगंज। चंदीपुर के मजरा तेलियन पुरवा निवासी हरिराम गुप्ता (60) का शव मंगलवार शाम गांव से 200 मीटर दूर बाग में आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक के छोटे पुत्र साईं प्रसाद ने बताया कि पिता हरिराम खेती करते थे। मंगलवार सुबह वह 11 बजे घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। शाम को ग्रामीणों ने बाग में उनका शव लटका देखा तो सूचना दी। मृतक के चार बेटों में राजकुमार, शिवकुमार व काली प्रसाद विवाहित हैं और तीनों रोजगार के लिए बाहर रहते हैं। छोटा बेटा साईं प्रसाद (19) व बेटी चांदनी (17) अविवाहित है। हरिराम की मौत से पत्नी रजपता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल केके त्रिपाठी के मुताबिक हरिराम काफी दिनों से मानसिक रूप से बीमार थे। उनका इलाज चल रहा था। छानबीन की जा रही है। (संवाद)