मसकनवा/गौराचौकी/बभनान(गोंडा)। खाद के लिए किसानों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। सुबह से लेकर तपती दोपहरी में किसान कतार में खड़े हो रहे हैं। हालांकि अधिकारी खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहे हैं लेकिन भारी भीड़ उनके दावों को झुठला रही है।
साधन सहकारी समिति, सिसई रानीपुर में बुधवार को खाद वितरण की खबर सुनकर सुबह छह बजे से ही लाइन लग गई थी। दोपहर में उमस भरी गर्मी में हाल-बेहाल किसान यूरिया के लिए लाइन में लगे थे। पुलिस की मौजूदगी में सुबह 11 बजे के बाद खाद का वितरण शुरू हुआ। दोपहर तीन बजे तक टोकन ले चुके 130 किसानों को खाद बांटी गई। सचिव बृजेंद्र शर्मा ने बताया कि 300 किसानों का टोकन जमा था। सभी को खाद वितरित की जाएगी।
साधन सहकारी समिति वीरापुर में पूर्व में आई एक हजार बोरी यूरिया का वितरण बुधवार को भी हुआ। टोकन लेकर लाइन में लगे किसानों की भीड़ समिति में देखने को मिली। जिन किसानों को टोकन नहीं मिला था, वो भी समिति के आसपास पेड़ की छांव में खाद मिलने की आस में बैठे दिखे।
सचिवों की कमी ने बढ़ाई परेशानी
मसकनवा। एडीओ सहकारिता राम सजीवन पांडेय ने बताया की विकास खंड छपिया में कुल दस साधन सहकारी समितियां सक्रिय हैं। इसमें महज दो सचिव हैं। अतिरिक्त प्रभार पर तैनात सचिव रवि शंकर पांडेय बीरापुर, बृजेंद्र शर्मा कर्मा व साधन सहकारी समिति के विक्रेता गुरुप्रसाद शर्मा सिसई रानीपुर में खाद का वितरण कर रहे हैं। साधन सहकारी समिति पतिजिया खुर्द, तिरुखा बुजुर्ग, खजुरी समिति में रखी खाद का वितरण सचिव की कमी के चलते नहीं हो पा रहा है। बताया कि छपिया में तैनात दोनों सचिव बीमार चल रहे हैं। बभनजोत ब्लॉक के सचिव से अतिरिक्त प्रभाव पर छपिया की समितियों पर खाद का वितरण कराया जा रहा है।
खाद को लेकर सौंपा ज्ञापन
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ब्रांच कमेटी गौरा के पदाधिकारियों ने खाद की समस्या को लेकर बभनजोत के खंड विकास अधिकारी राम लगन वर्मा को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि 19 अगस्त को बनगवां न्याय पंचायत में समिति पर सुबह पांच बजे से शाम छह बजे तक लाइन में लगे किसानों को खाद न देकर केवल टोकन देकर टाल दिया गया। ब्रांच सचिव कामरेड अब्दुल गनी, कामरेड मोहर्रम अली, उस्मान, गोली, रंजना आदि उपस्थित रहे। तरबगंज में सपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज कुमार चौबे ने खाद की समस्या को लेकर एसडीएम विश्वामित्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर रिंटू सिंह, प्रमोद चौबे, अंकित पांडे, रोहित चौबे, अंकुर तिवारी, अवध राज तिवारी, रमेश चौबे आदि लोग उपस्थित रहे l
शिवपाल ने संभाला प्रभार
- पीसीएफ के जिला प्रबंधक की जिम्मेदारी शिवपाल सिंह ने संभाल ली है। इसके साथ ही उन्होंने उर्वरक आदि की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश जारी किया।