धानेपुर। कस्बे के रामलीला प्रांगण में बृहस्पतिवार को नौ दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ। नैमिषारण्य धाम से आईं प्रवाचक मोहिनी किरण शुक्ला ने श्रीरामचरितमानस की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि यह ग्रंथ मर्यादा, त्याग, प्रेम, सेवा और आदर्श जीवन की सीख देता है। कथा श्रवण से मनुष्य में सदाचार और संस्कार का संचार होता है। अनुष्का तिवारी ने श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति दी। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि बृजभूषण वर्मा, उमापति, अजय गुप्त, राधेश्याम, राजमणि आदि श्रद्धालु मौजूद रहे। (संवाद)
अधर्म बढ़ने पर अवतार लेते हैं भगवान
बालपुर। बालपुर-परसौनी पुरवा मार्ग स्थित मृत्युंजय आश्रम में आयोजित साप्ताहिक ज्ञान सत्संग में राम गुलाम तिवारी ने कहा कि जब पृथ्वी पर अत्याचार और अधर्म बढ़ता है तथा धर्म का पतन होता है, तब भगवान अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान का अवतार सत्य, धर्म और न्याय की रक्षा के लिए होता है। इस मौके पर कृष्ण कुमार पांडेय, अटल बिहारी मिश्र, चक्रेश माधव, पारसनाथ तिवारी, श्रवण शुक्ल आदि श्रद्धालु मौजूद रहे। (संवाद)
श्रीकृष्ण जन्म की कथा सुन श्रद्धालु भाव विभोर
बालेश्वरगंज। वजीरगंज क्षेत्र के बरईपारा में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन बुधवार को अयोध्या से आए कथावाचक आचार्य शेष नारायण शुक्ल ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म की स्थापना और भक्तों के कल्याण के लिए अवतार लिया। कंस के कारागार में जन्म के बाद वासुदेव उन्हें गोकुल ले गए, जहां नंद बाबा के घर उनका पालन-पोषण हुआ। इस मौके पर रामपति पांडेय, सूरज मिश्र, दीपनारायण पांडेय आदि श्रद्धालु मौजूद रहे। (संवाद)