18 से 21 नवंबर तक गाजियाबाद में आयोजित 43वीं जवाहर लाल नेहरू राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरणीय प्रदर्शनी में बलरामपुर के बच्चों का दबदबा रहा। प्रदर्शनी में उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने पर जिले के कई बच्चों को सम्मानित किया गया है।
एमपीपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कैप्टन जीपी तिवारी ने मंगलवार को बताया कि 18 से 21 नवंबर तक गाजियाबाद के जीजीआईसी में राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरणीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
इसमें एमपीपी कॉलेज के छात्र संदीश चौधरी ने स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता विषय पर मॉडल प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में संदीश के मॉडल को उत्कृष्ट मॉडल के रूप में चयनित कर प्रमाणपत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया है।
बलरामपुर माडर्न इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य मंजू श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रदर्शनी में उनके कॉलेज के छात्र अंकित मिश्र ने गणित व विज्ञान का जीवन में महत्व, संस्कार मिश्र ने आपदा प्रबंधन एवं शुचि शुक्ला उद्योग विषय पर मॉडल प्रस्तुत करके ट्रॉफी व प्रशस्तिपत्र प्राप्त किया।
इसी तरह सिटी मांटेसरी स्कूल के छात्र आशीष त्रिपाठी ने स्वच्छता एवं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के आशुतोष पाठक व नितिन त्रिपाठी ने संसाधन प्रबंधन विषय पर प्रोजेक्ट प्रस्तुत करके पुरस्कार अर्जित किया।
प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन छात्र-छात्राओं के बलरामपुर पहुंचने पर माडर्न इंटर कॉलेज में समारोह पूर्वक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में गीता त्रिपाठी, अलोक शुक्ल, सत्यप्रकाश पांडेय, शुचिता चौहान सहित तमाम शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।