गोंडा। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का कहर तेज होने लगा है। शनिवार को कोरोना से पीड़ित लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता के पत्नी की लखनऊ में मौत हो गई। जिले के विभिन्न स्थानों पर जांच किए जाने पर 3 शिक्षक समेत 122 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए। संक्रमितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिले में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर एक बार फिर तेजी से अपना पांव पसारने लगी है। शनिवार को लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता देवेंद्र मणि की पत्नी ने लखनऊ में कोरोना के चलते दम तोड़ दिया। देवेंद्र मणि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में हलधरमउ ब्लाक में आरओ के पद पर लगाए गए थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें मुक्त कर दिया है। वहीं कोरोना संक्रमितों की संख्या हर रोज पिछले दिन का रिकार्ड तोड़ रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों पर कोरोना जांच किया। जिसमें करनैलगंज बीआरसी पर आए तीन शिक्षकों समेत 122 लोग संक्रमित पाए गए।
इसके साथ ही जिले में सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या 396 तक पहुंच गई है। वहीं अब तक 5536 लोग संक्रमित हो चुके हैं तथा 72 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करनैलगंज बीआरसी पर कोरोना जांच किया जिसमें तीन शिक्षकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप ने स्वास्थ्य विभाग व लोगों की चिंता बढ़ा दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के जांच बढ़ा दिये हैं। मोबाइल मेडिकल टीमें विभिन्न स्थानों पर जाकर कोरोना जांच कर रही है। जिला प्रशासन ने कोविड नियमों का पालन न करने वालों पर कार्यवाई करने की बात कही।
दूसरे प्रदेशों से आने वाले प्रवासियों की कोरोना जांच के लिए रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम को लगाया गया है। जो बाहर से आने वाले यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग करती है तथा शरीर का तापमान अधिक होने पर कोरोना जांच करती है।
मोबाइल मेडिकल टीम के जिला पर्यवेक्षक हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि शनिवार को रेलवे स्टेशन पर बाहर से आने वाले 77 यात्रियों की कोरोना जांच कराई गई। जिसमें 9 यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए। संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच करने वाली टीम में डॉ दीपांकर कौशल, एलटी शिव प्रसाद, नर्स अर्चना मौर्या, फार्मासिस्ट आदित्य श्रीवास्तव रहे।