गोंडा। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने गोरखपुर-लखनऊ के बीच तीन दिनों तक विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन गोंडा रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी, जिससे जिले के साथ आसपास के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अनुसार, 05031 गोरखपुर-लखनऊ अनारक्षित परीक्षा स्पेशल दो से चार जुलाई तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन रात 9 बजे मनकापुर, 10:02 बजे गोंडा तथा 10:35 बजे करनैलगंज पहुंचते हुए देर रात 12:35 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
वापसी में 05032 लखनऊ-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल दो से चार जुलाई तक रात 1:30 बजे लखनऊ जंक्शन से चलेगी। यह ट्रेन सुबह 4:02 बजे गोंडा, 4:34 बजे मनकापुर, 5:50 बजे बस्ती होते हुए सुबह 7:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि परीक्षा के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इस विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी एवं शयनयान श्रेणी के कुल 10 अनारक्षित कोच तथा दो एसएलआर कोच सहित कुल 12 कोच लगाए जाएंगे।