फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: बिना एनओसी के प्रतिष्ठान, दांव पर सबकी जान

Fri, 05 Jun 2026 12:27 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत और बिहार के मुजफ्फरपुर में अस्पताल अग्निकांड में पांच लोगों की जान जाने के बाद भी जिले में अग्नि सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार उदासीन बने हैं। शहर के कई रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल, निजी अस्पताल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर बिना फायर विभाग की एनओसी के संचालित हो रहे हैं। इससे हर दिन यहां आने वाले लोगों की जान दांव पर लगी रहती है।
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का जायजा लिया तो कई जगह सुरक्षा इंतजाम के साथ ही आग से बचाव के इंतजाम नाकाफ़ी मिले। इनके अनुपालन में गंभीर खामियां सामने आईं। कहीं अग्निशमन यंत्र नहीं मिले तो कहीं लगाए गए उपकरण महज शोपीस बने नजर आए। कई प्रतिष्ठानों में तो आपातकालीन निकास मार्ग तक नहीं मिले। पेश है एक रिपोर्ट।
जोखिम में जान, बचाव का नहीं इंतजाम
महिला अस्पताल के सामने संचालित एक रेस्टोरेंट में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले। परिसर में बैटरी और गैस सिलिंडर एक ही कमरे में रखे मिले। ऐसे में आग लगने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है। यहां न तो वाटर हाइड्रेंट सिस्टम मिला और न ही फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था दिखाई दी। इसके बावजूद रेस्टोरेंट में ग्राहक की भीड़ थी।
विज्ञापन

शॉपिंग मॉल में आपात निकास तक नहीं
महिला अस्पताल के पास स्थित एक शॉपिंग मॉल में मुख्य प्रवेश द्वार के अलावा बाहर निकलने का दूसरा रास्ता नहीं है। यहां वाटर हाइड्रेंट सिस्टम तो लगा मिला, लेकिन उसकी पाइपलाइन और नोजल खराब स्थिति में थे। बिजली के मुख्य पैनल के बगल में ही प्रशासनिक कार्यालय संचालित होता मिला। इस मॉल को पूर्व में भी फायर सुरक्षा को लेकर नोटिस जारी हो चुका है।


शोपीस सा मिला फायर एक्सटिंग्विशर
मालवीयनगर मार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट में आग से बचाव के नाम पर केवल एक फायर एक्सटिंग्विशर रखा मिला। जांच में पता चला कि उसे वर्षों पहले खरीदा गया था और उसकी रिफिलिंग नहीं कराई गई। ऐसे में आपात स्थिति में उसका उपयोग संभव नहीं है। यहां भी ग्राहकों की नियमित आवाजाही रहती है।
सीएफओ ने चलाया अभियान
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) आरएस मिश्रा के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को शहर में बड़े प्रतिष्ठानों, होटल, रेस्टोरेंट व शॉपिंग मॉल में अग्नि सुरक्षा के मानकों की जांच को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान मौजूद अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच करने के साथ ही मौजूद कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव संबंधी कार्य के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया। सीएफओ ने बताया कि शहर में संचालित 10 शॉपिंग मॉल में से आठ को फायर विभाग की एनओसी प्राप्त है, जबकि दो मॉल बिना एनओसी के संचालित हो रहे हैं। दोनों संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अन्य प्रतिष्ठानों को भी अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की चेतावनी दी गई है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें