गोंडा। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षण संस्थान की स्थापना करना पुनीत कार्य है। एम डी एस पब्लिक स्कूल महानगर तक ना पहुंचने वाले असमर्थ प्रतिभाओं के लिए वरदान साबित होगा।
उक्त बातें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री वन एवं पर्यावरण दारा सिंह चौहान ने एमडीएस पब्लिक स्कूल साबरपुर के शुभारंभ सत्र पर बतौर मुख्य अतिथि कहीं। कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि व्यवसाय के उद्देश्य से विद्यालय खोलना उचित नहीं है।
समाज के हित में मां सरस्वती का मंदिर ग्रामीण क्षेत्र के लिए खोलना वरदान है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक प्रभात वर्मा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए अच्छी सड़कें, स्वास्थ्य सुविधाएं, अच्छी शिक्षण संस्थाएं अहम भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय भवन के मुख्य गेट पर फीता काटकर किया गया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन पुष्प अर्पण किया गया। विद्यालय के संरक्षक राधेश्याम चौहान व प्रबंधक जेपी चौहान द्वारा मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य शरद सिंह व उप प्रधानाचार्य सुनीता पांडेय द्वारा आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया गया।