गोंडा। सोमवार दोपहर हुई बारिश के साथ ही बिजली व्यवस्था चरमराने लगी। जिससे शहरवासियों की मुसीबतें बढ़ गईं। मेडिकल कॉलेज, सीएमओ कार्यालय, टीबी क्लीनिक और आस-पास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जनरेटर से अस्थायी इंतजाम तो किया गया। लेकिन पर्याप्त व्यवस्था न होने से मरीजों और आमजन को परेशानी झेलनी पड़ी।
सबसे ज्यादा असर सीएमओ कार्यालय में देखने को मिला, जहां दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने आए लोगों को इंतजार करना पड़ा। वहीं टीबी क्लीनिक और अन्य वार्डों में बिजली कटौती के कारण मरीज बेहाल रहे। कर्मचारियों के अनुसार, गुरुनानक चौक के पास लाइन में फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हुई। जिसे सुधारने का कार्य जारी है। सिविल लाइन और पोर्टरगंज जैसे शहरी क्षेत्रों में भी घंटों तक बिजली गुल रही। जिससे व्यापारियों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।