फीडर को दुरुस्त करने में लगे पावर कार्पोरेशन के अधिकारी व कर्मचारी शाम तक सफल नहीं हो पाए थे। इसके चलते गुरुवार रात 10 बजे बाधित हुई करीब तीन लाख उपभोक्ताओं की आपूर्ति शुक्रवार शाम बहाल नहीं हो पाई थी।
इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जेल रोड स्थित 220 केवी कंट्रोलरूम से बालपुर की 33 केवी लाइन का एक फीडर निकला है।
इस फीडर से परसपुर, कटराबाजार, बालपुर और शुकुलगंज बिजलीघर जुड़े हैं। इन बिजली घरों की आपूर्ति गुरुवार रात 10 बजे से ठप पड़ी है। जानकारी के मुताबिक 33 केवी लाइन के बालपुर फीडर को आपूर्ति देने के लिए जेल रोड स्थित कंट्रोलरूम में लाइन का एक ब्रेकर बना है।
वह गुरुवार रात अचानक तेज धमाके के साथ दग गया। इससे कई इलाकों की करीब तीन लाख आबादी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
पावर कार्पोरेशन के अधिकारी व कर्मचारी उसे ठीक करने में लगे हैं लेकिन शुक्रवार शाम लाइन ठीक नहीं हो पाई थी जिससे चार बिजलीघरों से संबद्ध परसपुर, कटराबाजार, शुकुलगंज, बालपुर समेत अन्य इलाकों की करीब तीन लाख आबादी की आपूर्ति 20 घंटे से अधिक समय से बाधित थी।
करनैलगंज के उपखंड अधिकारी एसके साहू ने बताया कि गुरुवार रात 10 बजे ब्रेकर की फाल्ट को ठीक करने के लिए लगातार बिजली कर्मियों की टीम 220 केवी कंट्रोलरूम में लगी है।
शेड्यूल के मुताबिक देर रात होने वाली आपूर्ति ब्रेकर की खराबी को ठीक करके बहाल कर दी जाएगी।