तरबगंज (गोंडा)। नवाबगंज विद्युत उपकेंद्र से तरबगंज ब्लॉक के आधा दर्जन गांवों को बिजली की आपूर्ति होती है। गर्मियों में बिजली निगम के कर्मियों ने ना तो जर्जर खंभे बदले, ना ही जर्जर तारों को ही सही किया। इससे बारिश होते ही खंभे धराशाई हो गए।
विद्युत आपूर्ति चार दिन से बाधित है। ऐसे में लगभग पचास हजार की आबादी अंधेरे में रहने को विवश है। बल्लीपुर से आगे की लाइन खोल दी गई है जिससे परसिया, भोपतपुर, दुर्जनपुर घाट, गेड़सर, रानीपुर पहाड़ी, टकटोना, घाचा, पुरैनी, बीकापुर, गोप सराय तथा रांगी तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है।
बारिश के चलते कई गांवों में जलभराव की स्थिति है। बिजली न होने से गांव में अंधेरा व्याप्त रहता है जिससे ग्रामीणों में जहरीले कीड़े-मकोड़े व सांप आदि का खौफ व्याप्त है। घाचा प्रधान प्रतिनिधि अनिल पांडे ने बताया कि बिजली निगम के कर्मियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है।