गोंडा। मतदान के दौरान कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए हर बूथ पर थर्मल स्कैनर के साथ ही स्वास्थ्य उपकरणों की व्यवस्था भी होगी। ताकि मतदान से पहले जांच सुविधा मुहैया हो सके। मतदान के दौरान सभी बूथों पर थर्मल स्कैनर की व्यवस्था कराने के लिए नए सिरे से खरीद करनी पड़ेगी। पूर्व में जिले में गठित 1214 निगरानी समितियों को दिए गए थर्मल स्कैनर वर्तमान में खराब हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की माने तो विभाग के पास वर्तमान में सिर्फ 50 क्रियाशील थर्मल स्कैनर ही मौजूद है। ऐसे में 3207 थर्मल स्कैनर खरीदने की जरूरत पड़ेगी।
मतदान के दौरान कोरोना संक्रमण के खतरे से बचाने के लिए हर बूथ पर मतदान कार्मिकों के लिए फेस मास्क, सैनिटाइजर, साबुन और फेस शील्ड के साथ ही अतिरिक्त मास्क का इंतजाम भी रहेगा। हर बूथ पर दिव्यांग के लिए इस बार ट्राई साइकिल भी रहेगी। निर्वाचन आयोग चुनाव के दौरान कोविड नियमों के पालन पर विशेषतौर से जोर दे रहा है। इसके तहत ही निर्वाचन विभाग की ओर से 2915 बूथों पर थर्मल स्कैनर की व्यवस्था करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें से 1248 थर्मल स्कैनर उपलब्ध होने और बाकी 1667 स्कैनर की व्यवस्था जल्द ही पूरी किए जाने की बात कही जा रही है। मतदान दिवस के दिन बूथों के आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों को भी एलर्ट पर रखने को कहा गया है। ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य टीम पहुंच सके।
बूथ पर किस की कितनी जरूरत
सामग्री जरूरत उपलब्धता मांग
सेनेटाइज 14575 लीटर शून्य 14575 लीटर
फेसमास्क 2,44,571 पीस 3000 214571 पीस
साबुन 2915 पीस शून्य 2915 पीस
फेसशील्ड 12826 पीस 50 पीस 12776 पीस
दस्ताने प्लास्टिक 14,90,748 पीस 2000 पीस 1490748 पीस
दस्ताने रबर 25652 पीस शून्य 25652 पीस
थर्मल स्कैनर 2915 पीस 1248 पीस 1667 पीस
पीपीई किट 394 पीस 41 पीस 353 पीस
जिले मेें थर्मल स्कैनर की जरूरत को देखते हुए खरीद की तैयारी की जा रही है। मतदान दिवस के दिन बूथों पर हर तरह की व्यवस्था रहेगी। डॉ. राधेश्याम केसरी, सीएमओ