बभनान/मसकनवा (गोंडा)। छपिया के टैरवा बाजार के पास सोमवार शाम सब्जी खरीदकर घर लौट रहे तेंदुआ रानीपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान के पति रंगीलाल (60) नहर में गिर गए। तेज बहाव के कारण वह पानी में बह गए। करीब 15 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मंगलवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर तांबेपुर गांव के पास नहर से उनका शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
रंगीलाल की पत्नी माला देवी पूर्व ग्राम प्रधान हैं। दामाद रोहित भारती ने बताया कि सोमवार शाम ससुर टैरवा बाजार से सब्जी खरीदकर पैदल ही घर लौट रहे थे। स्वामी नारायण छपिया मंदिर के आगे परशुरामपुर मार्ग पर स्थित नहर के किनारे अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरे।
आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वह डूब गए। छपिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।
देर रात तक एसडीआरएफ के जवान, गोताखोर और स्थानीय ग्रामीण संयुक्त रूप से नहर में रातभर तलाश करते रहे, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह फिर से नहर को खंगाला किया।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर तांबेपुर गांव के पास नहर में शव बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।