गोंडा। रिजर्व पुलिस लाइन में गोरखपुर जोन की 51वीं अंतरजनपदीय जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को शुरू हुई। तीन दिवसीय आयोजन पुलिस विभाग में खेल और शारीरिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से हो रहा है। इसमें गोरखपुर जोन के 10 जिलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक ने उनका स्वागत किया। जूडो पुरुष वर्ग में 60, 73, 81, 90, 100 और 100 प्लस किलोग्राम भार वर्ग में नौ मुकाबले हुए। गोंडा के रजनीश शुक्ला (60 किग्रा), आयुष यादव (73 किग्रा), शैलेश मौर्य (100 किग्रा) और जगदीश यादव (100 किग्रा) ने प्रथम स्थान पाया।
सिद्धार्थनगर के राजाराम यादव (73 किग्रा), बहराइच के राजा प्रताप (81 किग्रा) और कुशीनगर के इंद्रेश यादव (90 किग्रा) भी विजेता रहे। महिला वर्ग में 48, 52, 57, 63, 70 और 78 किलोग्राम भार वर्ग में छह मुकाबले हुए। गोंडा की सिंपल मौर्या (48 किग्रा), उपासना देवी (52 किग्रा), रचना (57 किग्रा) और अनीता चौरासिया (78 किग्रा) ने पहला स्थान हासिल किया।
बलरामपुर की सुधा (63 किग्रा) और संतकबीरनगर की नरीना सिंह (70 किग्रा) ने भी जीत दर्ज की। रेफरी की भूमिका शैलेश मौर्य ने निभाई। प्रतियोगिता में गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, सिद्धार्थनगर, बस्ती, कुशीनगर और संतकबीरनगर जिले के खिलाड़ी शामिल हैं।